जमशेदपुर न्यूज़: मानगो के बंद पड़े मकान में मिला अज्ञात युवक का शव, मौत की वजह बनी पहेली
जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित गैस गोदाम के पास हेवन पैलेस के पीछे एक बंद पड़े मकान से शुक्रवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बंद मकान से मिला अज्ञात युवक का शव
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच है। उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक अक्सर इसी इलाके में घूमता नजर आता था, लेकिन उसके बारे में किसी के पास कोई ठोस जानकारी नहीं है।
सांप के काटने की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास रहने वाली एक महिला ने बताया कि क्षेत्र में सांपों का काफी आतंक रहता है। ऐसे में स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई हो सकती है।
हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा
मानगो थाना पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले भी मिल चुका है अज्ञात शव
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मानगो के दाईगुट्टू इलाके में भी एक नाले से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। उस मामले में भी अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है और मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
लगातार अज्ञात शव मिलने की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है।