धनबाद न्यूज़: झारखंड में पहली बार दागी अपराधियों की परेड, पुलिस ने दिया सख्त संदेश
धनबाद: अपराध नियंत्रण और कानून का भय स्थापित करने की दिशा में धनबाद पुलिस ने गुरुवार को एक अनूठी पहल की। झारखंड में पहली बार किसी जिले में चिन्हित दागी अपराधियों की सामूहिक परेड कराई गई। पुलिस लाइन में विभिन्न थाना क्षेत्रों के अपराधियों की हाजिरी ली गई, उनकी पहचान का सत्यापन किया गया और उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
अपराधियों की गतिविधियों की हुई समीक्षा
सुबह से ही जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चिन्हित अपराधियों को पुलिस लाइन बुलाया गया। यहां उनकी उपस्थिति दर्ज करने के साथ उनके वर्तमान रहन-सहन, व्यवसाय, आवागमन और गतिविधियों की समीक्षा की गई।
जिन अपराधियों का गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है, उन्हें विशेष निगरानी सूची में शामिल करते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया।
पुलिस ने दी अंतिम चेतावनी
परेड के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सुधारने का अवसर है। यदि वे अपराध की दुनिया छोड़कर सामान्य जीवन अपनाते हैं तो पुलिस सहयोग करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई दोबारा रंगदारी, हत्या, लूट, मारपीट, अवैध वसूली, भूमि कब्जा, अवैध कारोबार या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपराधियों में कानून का भय पैदा करना उद्देश्य
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि धनबाद में अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा। उनका कहना था कि अपराध नियंत्रण के लिए केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराधियों के मन में कानून का स्थायी भय पैदा करना भी जरूरी है।
इसी उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
धनबाद पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य संभावित अपराधों को पहले ही रोकना, अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखना और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि अपराध करने की सोच रखने वालों तक स्पष्ट संदेश पहुंचे कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी नरमी के कार्रवाई होगी।